शाम 7:30 बजे शुरू होगा मैच
धवन करेंगे वापसी , वुड नहीं खेलेंगे
मोहाली । आईपीएल में शुक्रवार को पंजाब किंग्स अपने घरेलू मैदान पर लखनऊ सुपर जाइंट्स का मुकाबला करेगी। इस मैच में पंजाब को अपने घरेलू मैदान का लाभ मिलेगा पर सुपर जाइंट्स भी जीत के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। दोनो ही टीमों का प्रदर्शन इस सत्र में बराबर ही रहा है। दोनों टीमों ने सात में से चार-चार मैच जीते हैं ऐसे में उनके बीच प्लेऑफ की जंग कड़ी होती जा रही है।
लखनऊ टीम के कप्तान लोकेश राहुल के लिए ये मैच बेहद अहम रहेगा। इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में टीम 136 रन के आसान लक्ष्य को भी हासिल नहीं कर पायी थी। उस मैच में राहुल कम स्ट्राइक रेट होने के कारण भी निशाने पर आये थे। अब इस मैच में अगर उनका प्रदर्शन ऐसा ही रहता है तो उनके लिए एकदिवसीय विश्वकप में जगह बनाना मुश्किल हो जाएगा।
राहुल का स्ट्राइक रेट अभी तक 113.91 का रहा है जिसे उन्हें बढ़ना होगा।
इस मैदान पर अबतक सबसे ज्यादा स्कोर 200 रन रहा है। लखनऊ की टीम के पास राहुल के अलावा काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा जैसे बल्लेबाज है पर मुख्य तेज गेंदबाज मार्क वुड के नहीं खेलने से उसकी गेंदबाजी कमजोर हुई है। वुड ने अब तक इस सत्र में उसकी जीत में अहम भूमिका निभाई है।
वहीं दूसरी ओर कप्तान शिखर धवन की पंजाब किंग्स को पिछले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था जिससे टीम का मनोबल गिरा हुआ है। ऐसे में टीम घरेलू मैदान पर हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। नियमित कप्तान शिखर धवन कंधे की चोट के कारण तीन मैच नहीं खेल सके पर वह इस मैच में वापसी करेंगे जिससे टीम की बल्लेबाजी मजबूत होगी।
पंजाब की टीम पिछली गलतियों से सबक लेते हुए इस बार कोई खतरा नहीं उठाएगी। उसके पास धवन के अलावा शीर्षक्रम पर प्रभसिमरन सिंह और मैथ्यू शॉर्ट जैसे बल्लेबाज हैं हालांकि ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन के फार्म में नहीं होने से उसकी परेशानी बढ़ी है।
सैम कुरेन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ कप्तानी करते हुए बेहतर प्रदर्शन किया था और वह उसे जारी रखना चाहेंगे। टीम की गेंदबाजी तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर निर्भर रहेगी। इसके अलावा टीम के पास कैगिसो रबाडा और नाथन एलिस जैसे अनुभवी गेंदबाज भी हैं। स्पिनर के तौर पर राहुल चाहर और ऋषि धवन हैं। इन गेंदबाजों का सामना करना सुपर जायंट्स के लिए आसान नहीं रहेगा। बहरहाल प्रशंसकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।
दोनो ही टीमें इस प्रकार हैं:
पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), अर्शदीप सिंह, बलतेज सिंह, राहुल चाहर, सैम कुर्रन, ऋषि धवन, नाथन एलिस, गुरनूर बराड़, हरप्रीत बराड़, हरप्रीत सिंह, विद्वाथ कावेरप्पा, लियाम लिविंगस्टोन, मोहित राठी, प्रभसिमरन सिंह, कागिसो रबाडा , भानुका राजपक्षे, एम शाहरुख खान, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम सिंह, मैथ्यू शॉर्ट, सिकंदर रजा, अथर्व तायडे।
लखनऊ सुपर जायंट्स: केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा, कुणाल पंड्या, अमित मिश्रा, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), नवीन उल हक, आयुष बडोनी, आवेश खान, करण शर्मा, युद्धवीर चरक, यश ठाकुर, रोमारियो शेफर्ड, मार्क वुड, स्वप्निल सिंह, मनन वोहरा, डेनियल सैम्स, प्रेरक मांकड़, कृष्णप्पा गौतम, जयदेव उनादकट, मार्कस स्टोइनिस, रवि बिश्नोई, मयंक यादव।