नई दिल्ली । दिग्गज महिला मुक्केबाज मैरी कॉम ने मणिपुर में जारी हिंसा को समाप्त करने में सहायता करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से सहायता की अपील की है। राज्य में ये हिंसा मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी में शामिल करने की मांग का विरोध करने के लिए छात्रों के एक संगठन द्वारा आयोजित ‘आदिवासी एकता मार्च के दौरान भड़क गयी। इस मार्च में हजारों लोग शामिल हुए थे। हिंसा भड़कने के बाद राज्य के कई जिलों में कर्फ्यू लगाने के साथ ही पूरे मणिपुर में अगले पांच दिनों के लिए इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है हालांकि ब्रॉडबैंड सेवाएं चलती रहेंगी।
इस हिंसा से दुखी मैरी कॉम ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है। मैरी कॉम ने देर रात किये अपने ट्वीट में लिखा, मेरा राज्य मणिपुर जल रहा है। कृपया सहायता कीजिए। मैरी कॉम ने इस ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री कार्यालय, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भी टैग करते हुए मणिपुर में आगजनी की तस्वीरें भी साझा की हैं। मणिपुर में सेना और सशस्त्र बलों की सहायता से हिंसा पर नियंत्रण किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि रैली में हजारों आंदोलनकारियों ने हिस्सा लिया और इस दौरान तोरबंग इलाके में आदिवासियों और गैर-आदिवासियों के बीच झड़पें हो गयीं थीं।
इस अधिकारी ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस ने भीड़ पर आंसू गैस के गोले भी दागे। उन्होंने कहा कि स्थिति अब भी तनावपूर्ण पर नियंत्रण में है। साथ ही कहा कि अब आंदोलनकारी अपने-अपने घरों को लौटने लगे हैं। उन्होंने कहा कि तनाव की स्थिति को देखते हुए, गैर-आदिवासी बहुल इंफाल पश्चिम, काकचिंग, थौबल, जिरिबाम और बिष्णुपुर जिलों और आदिवासी बहुल चुराचांदपुर, कांगपोकपी और तेंगनौपाल जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।