लखनऊ। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शनिवार को लखनऊ सुपरजाइंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले आईपीएल मुकाबले में पांड्या बंधु भी आमने सामने होंगे। इसका कारण ये है कि कृणाल पांड्या लखनऊ की टीम से खेल रहे हैं। जबकि हार्दिक पांड्या गुजरात के कप्तान हैं। लखनऊ सुपरजाइंट्स की टीम आईपीएल अंकतालिका में शीर्ष पर है जबकि गुजरात टाइटन का प्रदर्शन अब तक सामान्य रहा है। ऐसे में हार्दिक और कृणाल के बीच किस प्रकार की प्रतिस्पर्धा होती है ये देखना होगा।
गौरतलब है कि आईपीएल में इससे पहले यूसुफ पठान और इरफान पठान की जोड़ी ने भी अलग-अलग टीमों की ओर से खेला है। ये जोड़ी पहले सभी का ध्यान खींचती थी। वहीं अब कृणाल और हार्दिक आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। कुणाल ने आईपीएल के इस सत्र में अब तक 106 रन बनाने के साथ ही 4 विकेट भी लिए हैं जबकि हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन अब तक अच्छा नहीं रहा है। हार्दिक ने केवल 49 रन बनाने के साथ एक विकेट लिया है। ऐसे में अभी कुणाल, हार्दिक पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं हालांकि अंतिम फैसला मैच में ही होगा।