जल्द बयान दर्ज करेगी दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली । दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का प्रदर्शन रविवार को आठवें दिन भी जारी रहा। पहलवानों ने कहाकि, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता है तब तक उनका धरना जारी रहेगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस ने सभी 7 महिला शिकायतकर्ताओं को सुरक्षा दी है। अब ये सातों पहलवान दिल्ली पुलिस के संगीनों के साए में रहेंगी। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने सभी 7 महिला शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज करने के लिए संपर्क किया है और जल्द ही बयान दर्ज किए जा सकते हैं। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीडऩ के आरोपों के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। महिला पहलवानों से मिली शिकायतों के आधार पर कनॉट प्लेस थाने दर्ज दो एफआईआर में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पहली प्राथमिकी एक नाबालिग के लगाए गए आरोपों से संबंधित है। जिसमें बाल यौन शोषण के खिलाफ कानून (पोक्सो) के तहत भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराएं जोड़ी हैं।
ओलंपिक पदक विजेता पहलवान और पहलवानों के यौन उत्पीडऩ के आरोपों की जांच करने वाली समिति के सदस्य योगेश्वर दत्त ने इस मामले पर का कहा, पुलिस तभी कार्रवाई करेगी जब आप उन्हें इसकी सूचना देंगे। अगर कोई घर पर बैठता है तो वह ऐसा नहीं करेगी। पहलवानों को तीन महीने पहले ऐसा करना चाहिए था। मैंने पहले भी कहा था कि अगर वे कार्रवाई चाहते हैं, तो उन्हें इसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए।