सहमति नहीं बनने के लिए दोनों ही दल एक-दूसरे को ठहरा रहे हैं जिम्मेदार
लखनऊ । निकाय चुनाव में जेवर नगर पंचायत सीट पर संयुक्त प्रत्याशी उतारने पर समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के बीच सहमति नहीं बन सकी। दोनों ही दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ने का ऐलान किया। सहमति नहीं बनने के लिए दोनों ही दल एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। जेवर सीट को लेकर ही सपा और रालोद में रार थी। इस सीट पर रालोद ने तीन दिन पहले अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था जबकि एक दिन पूर्व सपा ने भी जेवर सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित कर उसे सिंबल दे दिया। रालोद की जिला कार्यालय में आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसके बाद रालोद की ओर से प्रेस नोट जारी कर कहा गया कि गौतमबुद्ध नगर में रालोद और आजाद समाज पार्टी संयुक्त रूप से चुनाव लड़ेंगे। शुक्रवार को दोनों दलों की ओर से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। सपा के जिलाध्यक्ष ने कहा कि दादरी नगर पालिका सीट पर अय्यूब मलिक को, बिलासपुर से मीना देवी को और जेवर से औरंगजेब अली को प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है। शेष तीन सीट पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा शुक्रवार को कर दी जाएगी।
तीन दिन पहले रालोद ने सपा के जिला उपाध्यक्ष औरंगजेब अली को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था। लेकिन, बुधवार को सपा द्वारा उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर पार्टी का सिबंल प्रदान कर दिया गया। इसके बाद ही दोनों में रार बढ़ी। औरंगजेब अली का कहना है कि सपा में जिला उपाध्यक्ष हैं। वह सपा के सिंबल पर ही जेवर से चुनाव लड़ेंगे। रालोद जिलाध्यक्ष जर्नादन भाटी ने कहा कि अब रालोद यहां पर नया प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। सपा के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि यह गठबंधन रालोद ने ही तोड़ा है। रालोद ने प्रेस नोट जारी कर गठबंधन से अलग हटकर सभी छह सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। हमारी तो अभी रालोद से बात होनी थी। इससे पहले ही उन्होंने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। अब सपा भी अलग चुनाव लड़ेगी।